भारतीय सिनेमा के प्रेमियों का एक दशक लंबा इंतज़ार अब खत्म हो गया है! नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित और नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' का पहला झलक, यानी टीज़र, आखिरकार सामने आ गया है। इस फिल्म के पैमाने और प्रस्तुति को लेकर जो भी उम्मीदें लगाई जा रही थीं, ढाई मिनट के इस टीज़र ने उन सभी को पार कर दिया है। यह सिर्फ एक फिल्म का प्रचार वीडियो नहीं है, बल्कि भारतीय सिनेमा की वैश्विक आकांक्षाओं की एक मजबूत शुरुआत है, जिसका दारोमदार 'राम' बने रणबीर कपूर के सशक्त कंधों पर है।
अभूतपूर्व भव्यता और मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुति
'रामायण' का टीज़र पहले ही फ्रेम से यह स्पष्ट कर देता है कि फिल्म निर्माताओं ने किस स्तर का अद्भुत कार्य किया है। जो दृश्य हमारी आँखों को चकाचौंध करते हैं, उससे पहले ए. आर. रहमान और हान्स जिमर का संगीत हमें उस काल्पनिक दुनिया में ले जाता है, जिसकी हमने अब तक केवल कल्पना ही की थी। इस संगीत में शोर नहीं, बल्कि आत्मा को छू लेने वाले मधुर सुर हैं। भारतीय सिनेमा के अब तक के सबसे शानदार दृश्यों में से एक, 'रामायण' टीज़र का हर फ्रेम बारीकियों से भरा है। ये विवरण इतने गहरे हैं कि हर फ्रेम को रोककर निहारने का मन करता है।
रणबीर कपूर ने जीता दिल, मर्यादा पुरुषोत्तम राम का अद्भुत चित्रण
और फिर संगीत उस मुख्य किरदार के लिए रास्ता बनाता है, जिसकी एक झलक के लिए दर्शक पिछले लगभग नौ सालों से बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे— भगवान राम। रणबीर कपूर ने राम के रूप में जो चाल, आँखें और शारीरिक भाषा अपनाई है, वह देखने लायक है। उन्होंने इस किरदार के लिए सबसे आवश्यक गुण—विनम्रता और शक्ति का सही संतुलन—को सफलतापूर्वक आत्मसात कर लिया है। रणबीर का शांत स्वभाव और उनकी मुद्रा, रामायण के राम के चरित्र को इतनी सहजता से सूट करेगी, यह कल्पना करना भी निर्देशक नितेश तिवारी की दूरदर्शिता को दर्शाता है। नितेश तिवारी ने बड़े पर्दे पर 'रामायण' को केवल भव्यता नहीं, बल्कि गहरा भाव भी दिया है।
यह नवीनतम टीज़र केवल रोमांच ही नहीं देता, बल्कि उस भावनात्मक जुड़ाव को भी महसूस कराता है जो इस पवित्र महाकाव्य से सदियों से लोगों को मिलता रहा है। इसके एक्शन सीक्वेंस भारतीय सिनेमा में 'स्केल' की एक नई परिभाषा गढ़ते हैं। यदि आप ध्यान से देखेंगे, तो टीज़र में दूर से ही माँ सीता और लंकापति रावण की भी एक झलक दिखाई देती है, जो उत्सुकता और बढ़ा देती है।
भारतीय सिनेमा का अंतर्राष्ट्रीय मंच पर बढ़ता कदम
भारतीय संस्कृति का आधार बन चुके महाकाव्य 'रामायण' का इस अभूतपूर्व पैमाने पर बड़े पर्दे पर आना, देश के सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। यह इसलिए नहीं कि 'रामायण' पहले कभी बड़े पर्दे पर नहीं आई, और न ही इसलिए कि राम कथा कहीं खो जाने वाली थी और यह फिल्म उसे बचाने आई है। बल्कि, जहाँ ग्रीक, रोमन, जापानी और अन्य संस्कृतियों की कहानियों को अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा में बड़े पैमाने पर खूब सराहा गया है और वे वैश्विक दर्शकों तक पहुँची हैं, वहीं इन कहानियों को खूब दर्शक देने वाले भारत की ऐसी कोई कहानी अब तक वैश्विक पटल पर उस भव्यता से नहीं पहुँच पाई थी। नितेश तिवारी की 'रामायण' अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा में भारतीय गौरव की एक सशक्त तस्वीर बनकर सामने आई है। यह फिल्म केवल विशाल पैमाने पर ही नहीं, बल्कि एक ऐसी कहानी भी दिखाने वाली है, जिसके भाव दर्शकों को भावनात्मक रूप से झकझोर देंगे।
उत्सुकता चरम पर: दिवाली तक का इंतज़ार हुआ मुश्किल!
रामायण का टीज़र देखने के बाद से ही जनता इसकी टिकट खरीदने के लिए आतुर हो उठेगी। दिवाली तक का लंबा इंतज़ार अब और भी मुश्किल लगने लगेगा। लेकिन इस भव्य 'रामायण' के वास्तविक अनुभव का मज़ा तो धीरे-धीरे जारी होने वाले किरदारों के परिचय प्रोमो देखने में है, और इसके एक-एक गाने में राम कथा को जीने में है। ऐसे शानदार सिनेमा का असली आनंद केवल इसे देखने में नहीं, बल्कि इसका बेसब्री से इंतज़ार करने और हर नई अपडेट को उत्साह से मनाने में है। तो आइए, हम सब मिलकर नमित मल्होत्रा की इस 'रामायण' का इंतज़ार शुरू करें और इसके हर नए प्रोमो और पोस्टर का जश्न मनाएं। आपको यह अद्भुत टीज़र कैसा लगा, हमें टिप्पणियों में अवश्य बताएं!